प्रेमी ने की प्रेग्नेंट प्रेमिका की हत्या
इंदौर। झाबुआ पुलिस ने 5 नवंबर को मिली एक लड़की की लाश के मामले का खुलासा कर दिया है। आरोपी कोई और नहीं उसका प्रेमी ही निकला। प्रेमी को जब उसने बताया कि वह प्रेग्नेंट है तो उसने पीछा छुड़ाने के लिए मर्डर की साजिश रची। प्रेमी ने उसे जंगल में मिलने बुलाया और गला घोंटकर कर उसकी हत्या कर दी और फिर सिर पत्थर से कुचल दिया।
झाबुआ एसपी महेशचंद जैन ने बताया कि छोटी करड़ावद की रहने वाली वीनू 2 नवंबर से लापता थी।
परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला तो पुलिस के पास पहुंचे।
5 नवंबर को को गांव की एक लड़की को जंगल में वीनू का शव दिखा। उसने तत्काल लोगों को बताया।
पीएम रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि मृतका को 8 माह का गर्भ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने क्राइम ब्रांच को जांच सौंपी।
घर की दीवारों पर लिखा था प्रेमी का नाम
पड़ताल में पता चला कि वीनू की किताब और घर की दीवारों पर राज नामक युवक का नाम लिखा मिला।इसी दौरान मुखबिर से पता चला कि वीनू के डूंगरालालू निवासी खिमराज से प्रेम संबंध थे और उसे ही वह राज बोलती थी।
इस आधार पर खिमराज से पूछताछ की गई तो पहले वह अनजान बना रहा। जब सख्ती दिखाई तो उसने हत्या करना कबूल लिया।
भगोरिया मेले में हुई थी आरोपी की वीनू से मुलाकात
आरोपी खिमराज सरपंच मिश्रू अमलियार का बेटा है। वह पहले से ही विवाहित है और उसका एक बच्चा है।पिछले भगोरिया में वह वीनू के संपर्क में आया था और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। इसी दौरान वीनू गर्भवती हो गई।
वह खिमराज पर शादी के लिए दबाव डाल रही थी। लिहाजा 2 नवंबर को खिमराज ने वीनू को मिलने बुलाया।
यहां दोनों के बीच बहस होने लगी तो खिमराज ने वीनू का गला दबा दिया। जैसे ही वह नीचे गिरी, उसके सिर पर पत्थर मार दिया जिससे उसकी मौत हो गई।

Comments
Post a Comment